उज्जैन/खबर डिजिटल/ सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखकर महाकाल नगरी उज्जैन में विकास कार्यों को द्रुत गति से पूरा करने का काम किया जा रहा है। सड़कों के चौड़ीकरण, आसानी से सिंहस्थ क्षेत्र में पहुंचने की व्यवस्था, यात्रियों के रुकने और स्नान, दर्शन को लेकर एक विशेष प्लान पर काम किया जा रहा है। इसी तरह रेलवे ने भी सिंहस्थ को ध्यान में रखकर विशेष इंतजाम करने की तैयारी शुरु कर दी है।
विभिन्न स्टेशनों का होगा विकास
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि उज्जैन और आसपास के स्टेशनों पर विकास के काम किए जा रहे हैं। इनमें पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, चिंतामण गणेश, विक्रम नगर शामिल है। इन स्टेशनों पर पुरानी व्यवस्था से अलग अस्थायी की बजाय स्थायी व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म निर्माण, कवरिंग, पैसेंजरों के लिए होल्डिंग एरिया का निर्माण किया जा रहा है।
उज्जैन स्टेशन का भी विकास जारी
सिंहस्थ को ध्यान में रखकर उज्जैन के आठ नंबर प्लेटफॉर्म के बाहर लगभग 20 हजार यात्रियों के होल्डिंग क्षमता वाला एरिया डेवलप किया गया है। उज्जैन मुख्य स्टेशन पर तीन नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। जिसमें एक 12 मीटर का ब्रिज का निर्माण होगा, दो 6-6 मीटर के ओवर ब्रिज बनाए जाएंगें। 12 मीटर के फुट ओवर ब्रिज पर बैठने तक की व्यवस्था की जाएगी।
काम को पूरा करने का टारगेट किया फिक्स
उज्जैन के स्टेशनों पर काम पूरा करने के लिए टारगेट फिक्स कर दिया गया है। साल 2027 तक सभी निर्माण कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आने वाले वक्त में और भी सुविधाओं को जुटाने के लिए समय मिल जाए। इसी तरह होल्डिंग एरिया में टिकट खिड़की, पीने के पानी की व्यवस्था, पंखे और अन्य जरुरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ट्रेनों के परिचालन को लेकर अंतिम समय में प्लान को अंतिम रुप दिया जाएगा।









