इंदौर/खबर डिजिटल/ मल्हारगंज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बिल्डर का चाकू मारकर मर्डर कर दिया गया। मृतक की पहचान अंकित राठौर, निवासी तेली बाखल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक थे।
सूत्रों के मुताबिक मामले के पीछे तीन दिन पुराना विवाद बताया जा रहा है। दरअसल अंकित की आरोपी लालू पंडित से कहासुनी हुई थी, जिसके दौरान अंकित ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसी बात की रंजिश में लालू ने अपने साथी राजू पंडित के साथ मिलकर अंकित पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अंकित को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
चाकूबाजी की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक हमले में शामिल दोनों शख्स इसी इलाके के रहने वाले हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं हत्या के पीछे मंदिर से जुड़ा विवाद भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
संघ से जुड़े हैं अंकित के पिता
अंकित के पिता राजू राठौर RSS से जुड़े हुए हैं, दो साल पहले अंकित की शादी हुई थी। उसकी एक बहन है। एक भाई मुंबई फिल्म सिटी में काम करता है।


