मैहर (रामनगर)/अनुराग सिंह/खबर डिजिटल/ दीपावली के बाद जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में रामनगर थाना पुलिस ने 144 लीटर अवैध शराब के साथ एक 14 लाख कीमत की ब्रेजा कार (MP19CD0783) जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। जिसमें आगे की कार्रवाई जारी है।
क्या है पूरा मामला
घटना 23 अक्टूबर 2025 की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिगना की ओर से एक ब्रेजा कार में अवैध शराब भरकर रामनगर की तरफ लाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम भिटारी के पास नाकाबंदी की। थोड़ी देर बाद बताई गई ब्रेजा कार दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी तेज गति से भगाई, लेकिन पीछा करने पर वह भिटारी कोलान बस्ती की गलियों में कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर 2 कार्टन अंग्रेजी गोवा शराब, 2 कार्टन देशी प्लेन शराब, और डिक्की से 12 कार्टन देशी शराब बरामद की गई। कुल 144 लीटर अवैध शराब (कीमत ₹65,300) जब्त की गई।
पुलिस ने कार और शराब जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय त्रिपाठी,सउनि भागचंद कुशराम,प्रआर नितीश यादव, आरक्षक राजेश यादव एवं आशीष रावत की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


