सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ सेन्ट्रल जेल में दीपावली के बाद मनाई जाने वाली भाई दूज के अवसर पर जेल मे सजा काट रहे कैदियों से मिलने बड़ी संख्या मे उनकी बहनें और परिवार जन पहुंचे। इस अवसर पर शासन के निर्देश के अनुसार कैदियों से मिलने पहुंची महिलाओं के लिए जेल प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की। बिना किसी परेशानी बहनें अपने भाई से मुलाकात कर उनको तिलक लगा सके, इसके लिए एक निधारित संख्या मे बारी-बारी से मुलाकात की व्यवस्था बनाई गई।
खुशी और गम का दिखा नजारा
खुशी ओर गम दोनों भाव इस दौरान भाई बहन के चेहरे पर नजर आए, भावुकता के पलों के बीच बहनों ने भाई के माथे पर तिलक लगाया और भाई की सलामती खुशहाली की कामना के साथ उनसे अपराध से तौबा करने का वचन भी लिया। इस दौरान जेल में सजा काट रही महिला बंदी से मिलने उनके भाई भी पहुंचे। सुबह से ही सेन्ट्रल जेल के बाहर भाईदूज पर कैदी भाईयों से मिलने परिजनो की भीड़ नजर आई जो अपनी बारी का इंतजार बेसब्री के साथ करती दिखाई दी।
जेल प्रशासन ने की खास व्यवस्था
सैकड़ों की संख्या में इस दौरान महिलाओं ने अपने भाईयों से मुलाकात कर भाईदूज का पर्व मनाया। जेल प्रशासन की बनाई गई व्यवस्था से सभी संतुष्ट नजर आए, हालांकि भीड़-भाड़ अधिक होने से पहले मुलाकात की मची हौड़ मे थोड़ी बहुत परेशानी जरुर उन्हें उठानी पड़ी। जेल प्रशासन के अधिकारी यहां इस अवसर पर तैनात महिला-पुरुष पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था की कमान संभाले नजर आए। जहां पूरे उमंग उल्लास के साथ भाईदूज का पर्व मनाया गया।


