सौरभ श्रीवास्तव/ खबर डिजिटल/कटनी– मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कानपुर निवासी महिला सोनाली (परिवर्तित नाम) ने कटनी की एक महिला और उसके परिवार पर उसके पति को हनी ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िता अपने ससुरालजनों के साथ कटनी पहुंची और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया से मुलाकात कर पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी।
सोनाली ने अपने पति को सुरक्षित वापस लाने और न्याय दिलाने की मांग की है।शिकायत के अनुसार, कटनी निवासी महिला काजल (परिवर्तित नाम), उसके पिता रवी न्यूटला एडम, मां कोटिल्या एडम और भाई राजीव न्यूटला एडम ने सोनाली के पति को अपने जाल में फंसा लिया। सोनाली का कहना है कि आरोपी परिवार उसके पति को छोड़ने के बदले पहले 2 करोड़ रुपये, फिर बाद में 20 से 50 करोड़ रुपये तक की मांग करने लगे।पीड़िता का आरोप है कि जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उस पर तलाक देने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी तक दी।
सोनाली ने बताया कि 11 अगस्त 2021 और 8 सितंबर 2021 को काजल ने मोबाइल पर कॉल कर धमकाया था कि अगर उसने तलाक नहीं दिया तो वह और उसकी बेटी को इस दुनिया से हटा देगी। सोनाली के पास इन बातचीतों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।पीड़िता के ससुर ने बताया कि उनका बेटा आरोपी परिवार के नियंत्रण में है और उनसे किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं कर पा रहा है।
परिवार ने पुलिस से अपील की है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उनके बेटे को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया जाए।इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और संबंधित थाने को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पैसों की मांग के आरोप गंभीर हैं और हर बिंदु की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


