P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशपागल कुत्ते का आतंक… आधा दर्जन ग्रामीण घायल, कुत्ते की तलाश जारी

पागल कुत्ते का आतंक… आधा दर्जन ग्रामीण घायल, कुत्ते की तलाश जारी

दो की हालत नाजुक, बच्ची गंभीर

श्योपुर/धीरज कुमार बालोठिया/खबर डिजिटल/ श्योपुर जिले के राडेप गांव में शनिवार को पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक गांव में दौड़-दौड़कर कुत्ते ने आधा दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर दिया। किसी की नाक नोच ली, तो किसी के चेहरे पर गहरे घाव कर दिए। अचानक हुए इस हमले के बाद पूरा गांव दहशत में है। घायलों में एक मासूम बच्ची भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
जानकारी के अनुसार काडी आदिवासी, लक्ष्मी आदिवासी, विकास जाट सहित दो अन्य ग्रामीणों पर भी कुत्ते ने हमला किया। हमले के बाद घायल हुए सभी लोगों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से बड़ौदा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। लक्ष्मी आदिवासी के चेहरे पर गहरे घाव होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे श्योपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, घायल बच्ची को भी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है, जिसके चेहरे और गाल पर कुत्ते ने कई जगह काट लिया है।

अचानक विक्षिप्त हुआ था कुत्ता
ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता अचानक विक्षिप्त व्यवहार करने लगा और देखते ही देखते गांव की गलियों में जिस किसी को मिला, उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद लोग अपने घरों में दुबक गए और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। कुत्ते की तलाश के लिए स्थानीय ग्रामीणों व वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

गांव में दहशत का माहौल
गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि कुत्ते को जल्द पकड़ा जाए, ताकि बड़ी संख्या में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने घायलों को टिटनेस और एंटी-रेबीज टीके लगाए हैं और सभी को निगरानी में रखा है। राडेप गांव के इस दर्दनाक हादसे ने फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण इलाकों में आवारा व बीमार कुत्तों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई कब होगी।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट