श्योपुर/धीरज कुमार बालोठिया/खबर डिजिटल/ राजस्व विभाग, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ौदा थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कुंहाजापुर गांव में पार्वती नदी से निकाली गई करीब 50 ट्रॉली रेत को मौके पर ही नष्ट किया गया।
अवैध खनन पर सख्ती से रोक
जानकारी के अनुसार, टीम को क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से पूरी रेत को मिट्टी में मिलाकर विनिष्टिकरण किया गया। साथ ही रेत निकाले जाने वाले रास्तों पर गड्ढे खोदकर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया, ताकि आगे अवैध खनन पर रोक लगाई जा सके।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि अवैध रेत खनन एवं भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।


