उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा का औपचारिक रूप से शुभारंभ कर दिया है। यह सेवा धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों के बीच हवाई कनेक्टिविटी प्रदान कर रही है, जिससे महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर जैसे ज्योतिर्लिंगों के दर्शन मिनटों में संभव हो सकेंगे, इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहद लाभ होगा, क्योंकि कई बार इंदौर-खंडवा मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पर्यटकों का किया भव्य स्वागत
पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा के तहत हेलीकॉप्टर से उज्जैन आगमन पर पर्यटकों का भव्य स्वागत किया गया। सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, संजय अग्रवाल और अन्य जनप्रतिधियों ने पर्यटकों को ढोल बजाकर और पुष्पमाला पहनाकर बधाई दी।
पर्यटन के नए युग की शुरुआत
पर्यटन के इस नए युग की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए, हेलीकॉप्टर के उज्जैन पहुंचने पर साधु-संतों को ‘जॉय राइड’ (Joy Ride) प्रदान की जा रही है। यह पहल मध्य प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकेत है, जिससे राज्य विश्वस्तरीय हेली टूरिज्म हब के रूप में स्थापित हो सकेगा। यह सेवा पर्यटकों के समय की बचत करेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।


