श्योपुर/धीरज बालोठिया/खबर डिजिटल/ श्योपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के पापूजी मोहल्ले में गुरुवार को एक सनसनीखेज लूट की घटना हुई। आरोपी ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर दुकान के गल्ले से नकदी चुरा ली और फरार हो गया। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में डर का माहौल बन गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
कोतवाली थाने में कराई शिकायत दर्ज
केशवनगर निवासी 25 वर्षीय शिवा गोयल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह पापूजी मोहल्ले में अपनी किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला अमन जंगम दुकान पर आया।
लाल मिर्च पाउडर डालकर की लूट
बातचीत के दौरान अचानक अमन ने शिवा के मुंह पर लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया। इससे उनकी आंखों में तेज जलन हुई और कुछ देर के लिए उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। इस दौरान आरोपी ने गल्ले में रखी दिनभर की कमाई 20 हजार रुपए लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पीड़ित ने पानी से आंखें धोकर आरोपी की तलाश की, लेकिन तब तक वह काफी दूर निकल चुका था। यह घटना कोतवाली थाने के सामने वाली गली में हुई, जहां आमतौर पर शाम के समय काफी भीड़ रहती है। ऐसे हमले से इलाके में लोग हैरान हैं। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया- आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


