राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ जिला चिकित्सालय राजगढ़ के स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग में महत्वपूर्ण दवाइयों, वैक्सीन और विभागीय रिकॉर्ड के खाक होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल अमला मौके पर पहुंचा।
जेसीबी की मदद से पाया काबू
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दो दमकल वाहनों और जेसीबी की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान एसडीएम स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं, जबकि सीएमएचओ के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गंभीर अनियमितताओं के आरोप
बताया जा रहा है कि पूरे जिले में आवश्यक दवाइयां और वैक्सीन इसी स्टोर रूम से सप्लाई की जाती हैं। इतना ही नहीं, कोरोना काल से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड भी यहीं सुरक्षित रखे जाते थे, जिन पर पहले से ही गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में रिकॉर्ड के नुकसान की आशंका प्रशासन के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने का सटीक कारण फिलहाल अज्ञात है। पुलिस, नगरपालिका कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।घटना के समय एसडीएम, पुलिस बल और नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। यह मामला राजगढ़ थाना कोतवाली क्षेत्र का है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।


