टीकमगढ़/सुबोध पाठक/खबर डिजिटल/ टीकमगढ़ में सोमवार को रोजगार सहायक संघ ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष संदीप सिंह यादव, जिला संयोजक मनोज श्रोतिय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत ग्राम रोजगार सहायकों की चेकर के रूप में ड्यूटी लगाई जा रही है।जबकि राज्य स्तर से जारी स्पष्ट आदेश- आयुक्त, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकास आयुक्त कार्यालय, भोपाल द्वारा पत्र क्रमांक 435/22/वि-7/ग्र.आ./25 के माध्यम से यह स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि आवास प्लस सर्वे का कार्य ग्राम रोजगार सहायक (GRS) दवारा किया जाएगा और सर्वे कार्य की जांच/सत्यापन (Checker) के लिए PCO / ADEO/पंचायत विस्तार अधिकारी / अन्य अधिकारी स्तर के कार्मिक नियुक्त किए जाएंगे।
सर्वेयर के रूप में सर्वे कार्य पूर्ण
वर्तमान व्यवहारिक स्थिति एवं विसंगति आदेशों के बावजूद जिले के कुछ जनपदों में यह स्थिति देखने में आ रही है कि जिन ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा पहले ही सर्वेयर के रूप में सर्वे कार्य पूर्ण किया जा चुका है, उन्हीं अंशकालिक ग्राम रोजगार सहायकों कर्मचारियों से पुनः चेकर के रूप में कार्य कराया जा रहा है। जबकि इस आशय का प्रदेश स्तर से कोई अलग से लिखित शासनादेश उपलब्ध नहीं है। जो सर्वेयर को ही चेकर नियुक्त करने की अनुमति देता हो। अतः सर्वेयर के समान या सर्वेयर से यह कार्य कराना नियम के विपरीत है।
7 दिन में कार्रवाई की मांग
इसके अलावा जिन पंचायतों में सचिव नहीं हैं, वहां रोजगार सहायक को प्रभार सौंपा जाए। रोजगार सहायक संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा कर कार्रवाई की मांग की है। 7 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है।


