बड़वानी/संदीप कुशवाह/खबर डिजिटल/ सेंधवा नगर में छोटे दुकानदारों एवं पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 15 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। यह ऋण नगर पालिका के माध्यम से विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदान किया जाता है। ताकि छोटे व्यापारी भी अपने व्यापार और संसाधनों में बढ़ोतरी कर पाए।
नगर पालिका प्रशासन ने दी जानकारी
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना एवं उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है। इच्छुक पथ विक्रेता नगर पालिका की शहरी आजीविका मिशन (योजना) शाखा में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, समग्र आईडी, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर तथा विक्रय सामग्री बेचते हुए एक फोटो अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
विक्रय सामग्री के साथ फोटो अनिवार्य
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव व सीएमओ मधु चौधरी ने पात्र पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाने के लिए समय रहते आवेदन करें, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके और उनका व्यवसाय आगे बढ़ सके।


