बड़वानी/संदीप कुशवाह/खबर डिजिटल/ इंदौर के राला मंडल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा, कांग्रेस प्रवक्ता के पुत्र और एक अन्य युवक की दुखद मृत्यु हो गई। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
गृहग्राम कासेल में किया अंतिम संस्कार
हादसे के बाद पोस्टमार्टम उपरांत प्रेरणा का पार्थिव शरीर इंदौर स्थित उनके आवास ले जाया गया। इसके बाद राजपुर स्थित निवास से शव यात्रा उनके गृहग्राम कासेल के लिए निकाली गई। कासेल के स्थानीय मुक्तिधाम में बाला बच्चन ने अपने पुत्र विश्वराज के साथ बेटी प्रेरणा को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान कई भावुक कर देने वाले दृश्य सामने आए।
बाला बच्चन की आंखें हुई नम
इस दौरान बाला बच्चन की आंखें नम थीं और उनकी पत्नी प्रवीणा बच्चन पूरी तरह बदहवास नजर आईं। एक मां का गहरा दर्द हर किसी के दिल को छू गया। अंतिम संस्कार के समय जब बाला बच्चन और उनके पुत्र ने शव को कंधा दिया, तो वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शुभचिंतक अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
कांग्रेस-बीजेपी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
इस दुखद मौके पर पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव, बड़वानी से कांग्रेस विधायक राजेंद्र मंडलोई और मोंटू सोलंकी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष नानेश चौधरी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओम सोनी, पूर्व सांसद सुभाष पटेल सहित बड़वानी, खरगोन, धार और झाबुआ जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कमलनाथ ने किया दुख प्रकट
हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया, वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस दुखद दुर्घटना पर गहरा दुख प्रकट किया। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बनकर सामने आया है।
