गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ राघौगढ़ के एसडीएम अमित सोनी ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रसव केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड और दवा वितरण केंद्र का जायजा लिया और मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने चिकित्सक, दवा एवं लैब जांच सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
स्वच्छता व बेड शीट की कमी पर नाराजगी
मेटरनिटी वार्ड के निरीक्षण के दौरान पलंगों पर चादर की कमी और स्वच्छता में लापरवाही देख एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रतिदिन स्वच्छ चादर उपलब्ध कराने और वॉशरूम की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भोजन व्यवस्था की समीक्षा में किचन बंद पाया गया, जिस पर उन्होंने नियमित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लैब, वैक्सीन और रिकॉर्ड की भी समीक्षा
लैब में जांच व्यवस्था, सैंपल कलेक्शन और रिपोर्ट प्रक्रिया की समीक्षा की गई। साथ ही राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत कोल्ड चेन, वैक्सीन स्टॉक और रिकॉर्ड का निरीक्षण भी किया गया।
स्टाफ को गुणवत्ता और ड्यूटी रजिस्टर के निर्देश
भ्रमण के बाद एसडीएम ने मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ को समय पर उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, स्वच्छता और ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. सुश्रुत सक्सेना एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।


