30 कन्याओं के हुए हाथ पीले, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से संपन्न हुआ विवाह
,खबर डिजिटल –नगर निगम कटनी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 30 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास और भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां वर-वधू पक्ष के परिजन रंग-बिरंगे परिधानों में विवाह स्थल पर पहुंचते नजर आए।नगर निगम प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी विवाह विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराए गए। पूरे परिसर में पारंपरिक रस्मों और खुशियों की चहल-पहल बनी रही।समारोह में महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, गोविंद चावला, उमेन्द्र अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद वंदना यादव, सीमा श्रीवास्तव, रेखा तिवारी, सुनीता चौधरी, शशिकांत तिवारी, सुखदेव चौधरी, पूर्व निगमाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रहरि, पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी सहित समाजसेवी नंदकुमार बसरानी, राजकुमार शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं निकाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सरकार द्वारा विवाह की जिम्मेदारी उठाए जाने से अभिभावकों की चिंता दूर हुई है। उन्होंने नवदंपतियों को सुख-दुख में साथ निभाने और सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने भी सभी नवयुगलों को मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।इस अवसर पर प्रत्येक वधु को गृहस्थी के सामान हेतु 49 हजार रुपये का चेक एवं विवाह प्रमाण पत्र का स्वीकृति आदेश सांकेतिक रूप से प्रदान किया गया। साथ ही महापौर द्वारा नवदंपतियों को उपहार एवं तुलसी का पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान वर-वधू पक्ष के लिए भोजन पैकेट की भी व्यवस्था की गई थी।कार्यक्रम का सफल संचालन राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने किया। समारोह में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं वर-वधुओं के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


