बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए बड़ी खबर है। सूबे के निगमों और मंडलों में लंबे समय से अटकी नियुक्तियों का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल में एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि नियुक्तियों की तैयारी पूरी हो चुकी है और अब केवल औपचारिक ऐलान होना बाकी है।
संगठन की मजबूती पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि संगठन में पदों को भरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने हाल ही में जिला प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं और अब प्रकोष्ठों व मोर्चों को सक्रिय करने पर काम चल रहा है। खंडेलवाल के मुताबिक, संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी की राह उतनी ही आसान होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि निगम-मंडल केवल 30 से 40 हैं, जबकि कार्यकर्ताओं की संख्या लाखों में है, इसलिए वे सभी कार्यकर्ताओं के हितों का ध्यान रखते हैं।
दिल्ली दौरे के बाद हलचल तेज
हाल ही में हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में बड़े बदलावों के कयास लगाए जा रहे थे। चर्चा है कि केंद्रीय नेतृत्व के साथ निगम-मंडलों की सूची पर अंतिम मुहर लग चुकी है। खंडेलवाल ने संकेत दिए हैं कि संगठन की धरातल पर स्थिति और आगामी राजनीतिक एजेंडे को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को जल्द ही बड़ी सौगात दी जाएगी। अब सबकी नजरें हाईकमान की अंतिम घोषणा पर टिकी हैं।


