पटना/खबर डिजिटल/ बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भर दिया है। नामांकन से कुछ देर पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। ये उनका बयान बेहद ही खास है क्योंकि इतने बड़े राजनीतिक करियर वाले व्यक्ति ने अपनी राजनीति का अंत की तरफ ले जाते हुए भी एक रिकॉर्ड बनाने की बात कही है, जोकि कम ही लोग कर पाते हैं।
बीजेपी का होगा सीएम, जेडीयू के दो डिप्टी सीएम!
नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के बाद अब अगली सरकार का फॉर्मूला क्या होगा? इस पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो चुका है, सूत्रों के हवाले से खबर है कि अगली सरकार में बीजेपी का मुख्यमंत्री होगा, और जेडीयू के दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे, जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के करियर की शुरुआत डिप्टी सीएम बनाकर की जा सकती है, इसके साथ ही एक और डिप्टी सीएम के बारे में कहा जा रहा है कि वो जातिगत समीकरण के आधार पर बनाया जाएगा, जिस तरह से बीजेपी के उम्मीद्वार की जाति के आधार पर जेडीयू के एक और डिप्टी सीएम तय किया जाएगा।
विधायक दल की जल्द बुलाई जाएगी बैठक
जानकारी के मुताबिक जल्द ही जेडीयू के विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, हालांकि वर्तमान में खबर निकलकर आ रही है कि कई विधायक नीतीश कुमार के अचानक पद छोड़ने से नाराज बताए जा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने बिना विधायक दल की बैठक बुलाए ही राज्यसभा जाने का फैसला कर लिया। नाराज विधायकों का कहना है कि इस तरह का फैसला जेडीयू विधायक दल की बैठक में तय होता है, लेकिन माना जा रहा है कि नीतीश कुमार के कहने पर सभी विधायक उनके फैसले के साथ नजर आएंगे।
जेडीयू का दूसरा डिप्टी सीएम कौन?
निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की स्थिति में कहा जा रहा है कि वो विधान परिषद के रास्ते सदन में एंट्री करेंगे, जिनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता काफी दिन से प्रयास कर रहे थे, क्योंकि नीतीश कुमार अपना उत्तराधिकारी तय नहीं करने से उनके सामने अपने भविष्य को लेकर चिंता हो रही थी, लेकिन अब एक सवाल और बनता है कि निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने की स्थिति में अगर दो डिप्टी सीएम फॉर्मूले के अनुसार दूसरा डिप्टी सीएम कौन होगा? जिनमें सबसे पहला नाम नीतीश कुमार के सबसे खास सहयोगी विजय चौधरी का हो सकता है, वो भूमिहार जाति यानी अगड़ी जाति से ताल्लुक रखते हैं, और नीतीश कुमार के खासे करीबी होने के साथ निशांत को राजनीति में सेट करने के लिए अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। वहीं दूसरा नाम अशोक चौधरी का है, जोकि नीतीश कुमार के करीबी होने के साथ दलित जाति से आते हैं और पिछले 10 सालों से नीतीश कुमार के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक रहे हैं, वे जेडीयू के युवा दलित चेहरे के तौर पर भी जाने जाते हैं, हालांकि इन सबसे महत्वपूर्ण होगा कि बीजेपी किस जाति से अगला सीएम चुनती है।


