लखपति दीदी संवाद : राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज मेहनत, नवाचार और आत्मविश्वास के बल पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं और राज्य सरकार उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
क्या बोले सीएम साय?
कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और लखपति दीदियां शामिल हुईं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का प्रतीक माना गया है और जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां समृद्धि और खुशहाली का वास होता है।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि पहले महिलाएं घर की चारदीवारी तक सीमित रहती थीं, लेकिन आज स्व-सहायता समूहों के जरिए वे आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव में महिलाओं को लखपति बनाना और ‘लखपति ग्राम’ का निर्माण करना है।
10 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान पर छत्तीसगढ़ में 10 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। वर्तमान में करीब 8 लाख महिलाएं इस श्रेणी में आ चुकी हैं और सरकार जल्द ही 10 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
प्रदेश में 5 लाख लखपति दीदी : सीएम साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में ‘लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से अब तक 5 लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन चुकी हैं। इसके साथ ही महिलाओं को देश और प्रदेश के व्यावसायिक केंद्रों से जोड़ने के लिए ‘लखपति दीदी भ्रमण योजना’ भी शुरू की जाएगी, जिसके तहत उन्हें विभिन्न व्यवसायिक गतिविधियों का अनुभव कराया जाएगा।
250 महतारी सदन का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बालिकाओं की आर्थिक सुरक्षा के लिए ‘रानी दुर्गावती योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर 1.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा पंचायत विभाग द्वारा 250 ‘महतारी सदन’ के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।
कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ पर आधारित कॉफी टेबल बुक और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड बुक का विमोचन किया। साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी किया गया, जिसके माध्यम से पंचायतों का मूल्यांकन कर उन्हें ‘लखपति दीदी ग्राम’ घोषित किया जाएगा।
दीदियां हुई सम्मानित
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं, कैडर्स और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री Tank Ram Verma, महिला एवं बाल विकास मंत्री Laxmi Rajwade, कौशल विकास मंत्री Guru Khushwant Saheb, विधायक Sunil Soni सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


