School Holidays News: आसमान से बरसती आग और रिकॉर्ड तोड़ते तापमान के बीच राज्य सरकार ने स्कूली छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव के अलर्ट को देखते हुए सरकार ने छुट्टियों को निर्धारित समय से 10 दिन पहले ही लागू करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से छुट्टियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्तमान में लू का असर काफी तेज है, जिसे देखते हुए पूर्व निर्धारित छुट्टियों की तारीखों में बदलाव कर उन्हें जल्दी शुरू किया जा रहा है। सरकार के इस कदम से प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं को चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी।
10 दिन पहले शुरू हुईं छुट्टियां
आमतौर पर छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियां 1 मई से शुरू होती थीं, लेकिन इस बार गर्मी ने अप्रैल में ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। रायपुर और बिलासपुर में पारा 42 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि राजनांदगांव में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों से अभिभावक और विपक्षी दल स्कूलों को बंद करने की मांग कर रहे थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी आज ही सरकार से इस संबंध में निर्णय लेने का आग्रह किया था।
शिक्षा विभाग जल्द जारी करेगा आदेश
सीएम की घोषणा के बाद स्कूल शिक्षा विभाग दिशा-निर्देश जारी करने की तैयारी में है। अभिभावकों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है, क्योंकि दोपहर के वक्त लू के बीच बच्चों का स्कूल से लौटना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव के अलर्ट के बीच नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच बेवजह घरों से बाहर न निकलें और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें।


