Badnawar News : मध्यप्रदेश के बदनावर में बीते दो दिनों से लोगों पर हमला कर रहे एक खूंखार बंदर को आखिरकार वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर लिया। आतंक मचा रहे बंदर ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया था और बंदर अबतक नायब तहसीलदार समेत चार लोगों को काटकर घायल कर चुका है।
तहसीलदार पर हमला
जानकारी के अनुसार शनिवार को ऑफिसर कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नायब तहसीलदार सहदेव मोरे अपने बंगले के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान बंदर ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके हाथ में काट लिया। गंभीर रूप से घायल मोरे को तुरंत बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे इलाज के लिए रतलाम रेफर कर दिया गया।
SDP भी घायल
रतलाम में डॉक्टरों ने नायब तहसीलदार के घाव पर करीब 13 टांके लगाए हैं और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि खूंखार बंदर के हमले में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ जैन सहित दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
वन विभाग ने किया रेस्क्यू
लगातार हो रहे हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बंदर को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बंदर को पकड़कर पिंजरे में बंद कर लिया।
तहसीलदार ने की पुष्टि
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अब पशु चिकित्सक बंदर के स्वास्थ्य का परीक्षण करेंगे। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। तहसीलदार सुरेश नागर ने बंदर के रेस्क्यू किए जाने की पुष्टि की है।


