Bhopal Honey Trap : राजधानी भोपाल से सामने आए हनी ट्रैप गिरोह मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। वही अशोका गार्डन में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने आरोपी पर इनाम घोषित किया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि अवैध गिरोह के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी की मंगेतर सीमा इस पूरे हनी ट्रैप नेटवर्क की मास्टरमाइंड हो सकती है। वहीं हमीदिया अस्पताल फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी शादाब गेट पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
मंगेतर सीमा पर शक
पुलिस जांच में सामने आया है कि हनी ट्रैप के जरिए वसूली गई रकम सीधे UPI के माध्यम से सीमा के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती थी। सीमा को गिरोह में शामिल युवतियों की लीडर माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस सीमा के बैंक खातों की जांच कर रही है।
व्यापारियों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में व्यापारियों और कारोबारियों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे उगाही करता था। बदनामी के डर से कई पीड़ित पुलिस के पास शिकायत करने नहीं पहुंचे। गिरोह के सदस्यों की पहचान शरीर पर बने टैटू से होती थी।
6 गिरफ्तार, 8 फरार
अब तक मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि गिरोह के आठ सदस्य अभी फरार हैं। फरार आरोपियों में सान्वी नाम की युवती भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल हनी ट्रैप में किया जाता था। उसका बॉयफ्रेंड तौफीक उर्फ शूटर भी फरार बताया जा रहा है।
गोलीकांड, आरोपी पर इनाम
वही हमीदिया अस्पताल गोलीकांड में मुख्य आरोपी शादाब पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच और चार थानों की पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस और सुरक्षा पर सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग के दौरान तीन पुलिसकर्मी अस्पताल में मौजूद थे, लेकिन उनके पास हथियार नहीं होने के चलते उन्होंने खुद को सुरक्षित करने के लिए अस्पताल के अंदर शरण ले ली थी। जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सवा घंटे में तीन जगह फायरिंग
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब सवा घंटे के अंदर शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की और चार थानों के क्षेत्रों से गुजरते हुए फरार हो गए। अशोक गार्डन इलाके में बदमाशों ने लालू रईस के बेटे को निशाना बनाकर गोली चलाई थी। घायल को हमीदिया अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में भी बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग की थी।
पुलिसकर्मियों पर हो सकती है कार्रवाई!
बताया जा रहा है कि पुलिस की जांच में कई लापरवाहियां सामने आई हैं। जिसके चलते कुछ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा सकती है, ऐसी संभावना जताई जा रही है। वहीं फायरिंग में शामिल दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि आरोपी कोई भी हो, सख्त कार्रवाई की जाएगी।


