Chilled Cucumber Mint Chaas Recipe:गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी होता है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अक्सर थकान और डिहाइड्रेशन की समस्या होने लगती है. ऐसे समय में ठंडे और पौष्टिक पेय शरीर को राहत देती हैं. खीरा और पुदीना से बनी ठंडी छाछ यानी चिल्ड ककड़ी मिंट छाछ एक ऐसा ही देसी ड्रिंक है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.खीरा और पुदीना दोनों ही प्राकृतिक रूप से ठंडक देने वाले तत्व माने जाते हैं. खीरे में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जिससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है. वहीं पुदीना पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है और ताजगी का एहसास देता है. जब इन दोनों को दही या छाछ के साथ मिलाया जाता है तो एक बेहद स्वादिष्ट और रिफ्रेशिंग ड्रिंक तैयार हो जाता है जो गर्मियों में काफी पसंद किया जाता है.
क्यों खास है ककड़ी मिंट छाछ
यह ड्रिंक हल्की, पौष्टिक और पाचन के लिए अच्छी मानी जाती है. दही से बनी छाछ शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पेट को भी आराम देती है. इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले जैसे भुना जीरा और काला नमक स्वाद को बढ़ाने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाते हैं. इस कारण यह ड्रिंक खाने के साथ या दिन में कभी भी पी जा सकती है.
बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट और हेल्दी ड्रिंक को बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. आमतौर पर इसमें ये चीजें इस्तेमाल की जाती हैं
- 1 कप दही या छाछ
- 1 छोटा खीरा
- कुछ पुदीने की पत्तियां
- आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- काला नमक स्वादानुसार
- थोड़ा सा सामान्य नमक
- ठंडा पानी या बर्फ
- चाहें तो थोड़ी हरी मिर्च या चाट मसाला
इन सभी चीजों का मिश्रण इस ड्रिंक को बेहद ताजगी भरा स्वाद देता है.
बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले खीरे को धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें. चाहें तो उसका छिलका भी हटा सकते हैं. इसके बाद खीरे के टुकड़ों को मिक्सर में डालकर हल्का पीस लें ताकि उसका पेस्ट तैयार हो जाए.
- अब एक बर्तन में छाछ या फेंटा हुआ दही लें और उसमें तैयार किया हुआ खीरे का पेस्ट डाल दें. इसके बाद इसमें पुदीने की पत्तियां, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और सामान्य नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.
- अगर आप इसे ज्यादा ठंडा पसंद करते हैं तो इसमें कुछ बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं. इसके बाद इस मिश्रण को एक गिलास में डालें और ऊपर से पुदीने की पत्तियों या खीरे के पतले स्लाइस से सजाकर सर्व करें.
कब और कैसे पिएं
यह ड्रिंक दोपहर के समय या खाना खाने के बाद पीना सबसे अच्छा माना जाता है. गर्मियों में यह शरीर को तुरंत ठंडक देने में मदद करती है. साथ ही यह पाचन को बेहतर बनाती है और शरीर को तरोताजा महसूस कराती है.


