Minister Gautam Tetwal: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से एक विवादित मामला सामने आया है, जिसमें एक शिक्षक ने मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल पर धमकी देने और जान से मारने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार सारंगपुर क्षेत्र के एक शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक सुभाष शर्मा ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है। शिक्षक का कहना है कि उन्होंने मंत्री से जुड़े एक जाति प्रमाण पत्र के मामले में जानकारी जुटाई थी, जिसके बाद से लगातार उनपर दबाव बनाया जाने लगा और उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही है।
शिक्षक ने स्कूल जाना किया बंद
शिक्षक के मुताबिक, उन्हें फोन पर चेतावनी दी गई कि अगर वे इस मामले में आगे बढ़े तो उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा सकता है और जान से भी हाथ धोना पड़ सकता है। शिक्षक ने मिल रही धमकी से डर के साए में स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। मामले में शिक्षक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, मुख्य सचिव, डीजीपी और स्थानीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भेजकर सुरक्षा की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि किसी भी समय उनके साथ अनहोनी हो सकती है।
बताया जा रहा है किे जिस आरोप को लेकर विवाद खड़ा हुआ है, वह मंत्री के जाति प्रमाण पत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि मामले में अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले को जांच में लिया गया है।





