निवाड़ी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नितेंद्र बृजेन्द्र सिंह राठौर के प्रयासों से जेवरा मौरा-मनेथा मार्ग के लिए 4 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। लगभग 5 किलोमीटर लंबी यह सड़क न केवल पांच गांवों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश के व्यापारिक केंद्र से सीधी कनेक्टिविटी भी स्थापित करेगी। व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
क्षेत्र के ग्राम सेकरा, मनियां, गोवा, चौमो और जेवरा मौरा लंबे समय से सड़क के अभाव में पिछड़े हुए थे। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे होने के बावजूद कनेक्टिविटी न होने के कारण यहाँ के ग्रामीण और व्यापारी यूपी के मऊरानीपुर, कटेरा जैसे बाजार से कटे हुए थे।
विदित हो कि, मऊरानीपुर कृषि उपकरणों, टेक्सटाइल और मंडी व्यापार का लघु केंद्र है। सुगम मार्ग न होने से अभी तक स्थानीय किसानों और व्यापारियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे परिवहन लागत अधिक आती थी। अब इस सड़क के निर्माण से परिवहन लागत में कमी आएगी और व्यापारिक आदान-प्रदान सुगम होगा।जेवरा मौरा से मनेथा तक पक्की सड़क की मांग पिछले कई दशकों से लंबित थी। विधायक नितेंद्र सिंह की सक्रियता से मिली इस मंजूरी के बाद क्षेत्र के कृषकों व व्यापारियों में हर्ष है। जानकारों का मानना है कि, यह सड़क केवल आवाजाही का जरिया नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिकी के लिए लाइफलाइन साबित होगी।


