Wednesday, November 4, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीअस्पताल-स्कूल के पास शराब दुकान पर बवाल, शिकायतों के बाद भी प्रशासन...

अस्पताल-स्कूल के पास शराब दुकान पर बवाल, शिकायतों के बाद भी प्रशासन मौन

सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चौपाटी मार्ग पर संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला कलेक्टर कार्यालय से लेकर कोतवाली थाने तक शिकायतें पहुंचने के बावजूद एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौपाटी मार्ग शहर का प्रमुख पारिवारिक और सार्वजनिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ घूमने और समय बिताने पहुंचते हैं। ऐसे क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से माहौल प्रभावित हो रहा है और महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।विवाद इसलिए भी गहराया हुआ है क्योंकि संबंधित शराब दुकान जिला अस्पताल से चंद कदमों की दूरी पर संचालित हो रही है। वहीं अंजुमन स्कूल की बाउंड्री से सटाकर दुकान खोले जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह व्यवस्था नियमों के विपरीत है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास इस प्रकार की गतिविधियों से सामाजिक वातावरण खराब हो सकता है।हालांकि आबकारी विभाग के सूत्रों का दावा है कि दुकान निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार संचालित की जा रही है, लेकिन आमजन इस दावे से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे। लोगों का कहना है कि यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप है तो फिर लगातार विरोध और शिकायतों के बाद भी प्रशासन खुलकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं कर रहा।शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन जमीन पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इससे लोगों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिला प्रशासन स्थानीय लोगों की चिंताओं को गंभीरता से कब लेगा? क्या अस्पताल और स्कूल के समीप संचालित शराब दुकान पर कोई जांच होगी, या फिर जिम्मेदार विभाग केवल कागजी जवाबों तक सीमित रहेंगे?

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट