देवास। टोंक कलां इलाके में आज सुबह एक पटाखा फैक्टरी में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं. धमाके के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
सुबह 11:30 बजे हुआ धमाका
टोंक कलां स्थित फैक्टरी में सुबह करीब 11:30 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और फैक्टरी परिसर में धुआं फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके के लिए रवाना हुई। बचाव दल ने घायलों को फैक्टरी से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल विस्फोट के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि पटाखा निर्माण के दौरान लापरवाही या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह खबर भी पढ़ें..
