खबर डिजिटल संवाददाता कटनी— जबलपुर रेंज के डीआईजी अतुल सिंह ने सोमवार को कोतवाली थाना कटनी का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान डीआईजी श्री सिंह ने थाना अभिलेखों, लंबित प्रकरणों, मालखाना व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था की सराहना करते हुए अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीआईजी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत और प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, चिन्हित अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने थाना क्षेत्र की चुनौतियों एवं उनके समाधान के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों से डीआईजी को अवगत कराया।निरीक्षण के अंत में डीआईजी अतुल सिंह ने थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए जनसहयोग, संवेदनशील पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने का संदेश दिया। उनके इस दौरे को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डीआईजी अतुल सिंह का कोतवाली थाने में औचक निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा पर दिया जोर
सम्बंधित ख़बरें
