Bjp Action: मध्यप्रदेश के राजनैतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने अनुशासनहीनता के खिलाफ एक्शन लेते हुए अपनी ही पार्टी के एक बड़े और विवादित नेता पर बड़ी कार्रवाई की है। सत्ता और रसूख के नशे में वर्दीधारियों और कार्यकर्ताओं से अभद्रता करना भाजपा नेता को भारी पड़ गया है।
प्रदेश भाजपा संगठन ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे को पद से मुक्त कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भी थमाया है। शेंडगे पर पुलिसकर्मियों के साथ सरेआम बदसलूकी करने और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों के साथ मारपीट करने का आरोप हैं।
6 साल के लिए होंगे सस्पेंड!
जानकारी के अनुसार लगातार मिल रही शिकायतों और विवादित वीडियो सामने आने के बाद वीरेंद्र शेंडगे को भाजपा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 के प्रभारी पद से हटा दिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से जारी नोटिस में चेतावनी दी गई है कि शेंडगे अपनी स्थिति स्पष्ट करें। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया जाएगा।
पुलिस से उलझे, संघ को बनाया निशाना
आपको बता दें कि करीब एक महीने पहले भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे का ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने सत्ता की धौंस दिखाने की कोशिश की थी। पुलिसकर्मियों से उलझने के बाद भी शेंडगे का गुस्सा शांत नहीं हुआ और हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों को निशाना बनाते हुए उनके साथ मारपीट और अभद्रता कर डाली। संघ परिवार पर हमला करना भाजपा संगठन को नागवार गुजरा समझा और आलाकमान ने एक्शन लेते हुए उनकी फाइल बंद कर दी।
