Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीराहगीरी डे बना जन-जागरूकता का महोत्सव, स्वच्छता-स्वास्थ्य के संदेश से गूंजा शंभू...

राहगीरी डे बना जन-जागरूकता का महोत्सव, स्वच्छता-स्वास्थ्य के संदेश से गूंजा शंभू टॉकीज मार्गवाहनों की जगह दिखा उत्साह का कारवां, बच्चों से बुजुर्गों तक हर वर्ग ने निभाई जिम्मेदार नागरिक की भूमिका

खबर डिजिटल संवाददाता कटनी— रविवार की सुबह शंभू टॉकीज मार्ग पर कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने यह साबित कर दिया कि जब नागरिक जागरूकता और जनभागीदारी एक साथ जुड़ जाएं तो कोई भी अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सकता है। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित ‘राहगीरी डे’ स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता का ऐसा उत्सव बन गया, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए “मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी” का संदेश बुलंद किया।वीर सावरकर वार्ड स्थित शंभू टॉकीज मार्ग को कुछ घंटों के लिए नो-व्हीकल जोन में परिवर्तित किया गया। वाहनों के शोर की जगह बच्चों की खिलखिलाहट, युवाओं के जोश, बुजुर्गों के योग और नागरिकों के स्वच्छता संकल्प ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। सड़क पर उतरा यह जनसैलाब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी का भी जीवंत उदाहरण बना।कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, चिकित्सक, उद्योगपति, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।राहगीरी डे के दौरान बच्चों ने पेंटिंग और हॉर्स राइडिंग में अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं युवाओं ने जुंबा और फिटनेस गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। वरिष्ठ नागरिकों ने योग और व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। रस्साकशी, पिट्टू, सांप-सीढ़ी, शतरंज, कैरम, लंगड़ी और चम्मच-नींबू दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों ने लोगों को बचपन की यादों से जोड़ते हुए सामुदायिक मेल-जोल को मजबूत किया।कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मनोरंजन के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की व्यवहारिक सीख भी दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव बताए गए और कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। ‘फोर बिन मॉडल’ के जरिए कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई, वहीं इको-ब्रिक्स निर्माण का प्रदर्शन कर अपशिष्ट प्रबंधन और पुनर्चक्रण का महत्व समझाया गया।इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वच्छ और विकसित शहर की पहचान होते हैं तथा ऐसे आयोजन सामाजिक चेतना को नई दिशा देते हैं।कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उनके कार्यों को सराहा गया। प्रतिभागियों को तुलसी के पौधे, कपड़े के थैले और उपहार भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली का संदेश दिया गया।राहगीरी डे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। जब पूरा शहर एक साथ आगे बढ़ता है तो स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक कटनी का सपना साकार होता दिखाई देता है।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट