खबर digital न्यूज़ रिपोर्टर /”कटनी- प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के लिए नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में आयोजित बैंकर्स समन्वय बैठक में विभिन्न बैंकों में लंबित पड़े प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई और बैंक प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।बैठक में लीड बैंक मैनेजर मेजरस किंडो, प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल, उपयंत्री जे.पी. बघेल, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से संवेदनशील और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब किसी भी पात्र हितग्राही के सपनों में बाधा नहीं बनना चाहिए।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों के ऑनलाइन आवेदन कराए जाएं, विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लंबित ऋण प्रकरणों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए, ताकि छोटे व्यापारियों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें।बैठक के अंत में निगमायुक्त ने नगर निगम और बैंकों के बीच सतत समन्वय बनाए रखने, सप्ताह में एक दिन संयुक्त रूप से हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान करने तथा लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उद्देश्य स्पष्ट है—हर पात्र परिवार तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद लाभ से वंचित न रहे|
कटनी से खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
