खबर digital news रिपोर्टर /कटनी- नगर पालिक निगम कटनी में आयोजित महापौर जनसुनवाई एक बार फिर आम नागरिकों की उम्मीदों का केंद्र बनी। शहर के अलग-अलग वार्डों से पहुंचे लोगों ने पेयजल संकट, टूटी सड़कें, गंदगी, जाम नालियां, अतिक्रमण और राजस्व संबंधी समस्याएं सीधे महापौर प्रीति संजीव सूरी के सामने रखीं। जनसुनवाई के दौरान महापौर ने हर शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।जनसुनवाई की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहे। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। गंभीर एवं प्राथमिकता वाले मामलों को चिन्हित कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी जारी किए गए।महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।जनसुनवाई के दौरान प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिससे लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल शुरू हुई। नगर निगम ने भी भरोसा दिलाया कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
कटनी से खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
