भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार, 21 जुलाई 2026 को “विधान से जन कल्याण : 16वीं विधानसभा के कार्यकाल के दो वर्ष” ( vidhansabha se jankalyan : 16vin vidhansabha ke do varsh ) पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक 16वीं विधानसभा के लगभग दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान सदन की महत्वपूर्ण संसदीय गतिविधियों, नवाचारों और अध्यक्ष द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों का व्यापक दस्तावेज प्रस्तुत करती है।
पुस्तक में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सदन में दिए गए महत्वपूर्ण वक्तव्यों एवं व्यवस्थाओं, विधानसभा समितियों के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों, विधायकों के लिए सुविधाओं के विस्तार, विधानसभा में लागू नवाचारों, ई-विधान प्रणाली, विशेष सत्रों तथा प्रमुख संसदीय सम्मेलनों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है।
इसके अलावा, राष्ट्रकुल संसदीय सम्मेलन, पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर की सहभागिता तथा संसदीय, संवैधानिक और समसामयिक विषयों पर उनके द्वारा समय-समय पर लिखे गए आलेखों को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
पुस्तक विमोचन समारोह में प्रदेश के माननीय मंत्रीगण, विधायकगण, पूर्व विधायकगण तथा मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
