डेस्क। मध्यप्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। कहीं तेज धूप निकल रही है तो कहीं बादलों की आवाजाही बनी हुई है। राजधानी भोपाल में पिछले कई दिनों से मौसम बदलता रहा है। गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और सुबह करीब 8:30 बजे कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। कुछ जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया, जबकि कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में हरदा, देवास, नर्मदापुरम, बुरहानपुर और धार जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उज्जैन, शाजापुर, रायसेन, सीहोर, बैतूल, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर और पांढुर्णा जिलों में भी भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है।
इन इलाकों में गरज-चमक के साथ लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
भोपाल समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवा के आसार
भोपाल, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, झाबुआ, रतलाम, नीमच, ग्वालियर, सतना, रीवा, जबलपुर, बालाघाट, कटनी, दमोह, छतरपुर, शिवपुरी, गुना, शहडोल, उमरिया, सिंगरौली सहित प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अब भी सामान्य से कम है मानसून की बारिश
बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद पूरे प्रदेश में मानसून अभी भी सामान्य से पीछे चल रहा है। इस सीजन अब तक मध्यप्रदेश में औसत से 16 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में करीब 15 प्रतिशत और पश्चिमी मध्यप्रदेश में लगभग 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है।
अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।
ये खबर भी पढ़ें..
