भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नए कैलेंडर के अनुसार सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच 12 अलग-अलग भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के जरिए करीब 19,062 पदों पर भर्ती की जाएगी।
5 अगस्त को वेबसाइट पर अपलोड किया गया संशोधित कैलेंडर
एमपीईएसबी ने 5 अगस्त को संशोधित परीक्षा कैलेंडर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया। इसमें विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां दी गई हैं। उम्मीदवार अब इसी कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी कर सकते हैं।

पुलिस, पंचायत और कई विभागों में होगी भर्ती
संशोधित कैलेंडर में पुलिस उप निरीक्षक (SI), सूबेदार, आरक्षक, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित कई अन्य पदों की भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए अलग-अलग समय पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
सेवारत शिक्षकों के लिए होगी TET परीक्षा
कैलेंडर में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) भी शामिल है। हालांकि यह परीक्षा केवल सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सितंबर और अक्टूबर के दौरान होने की संभावना है। इसके अलावा बाकी परीक्षाएं नए अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए आयोजित की जाएंगी।
