Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशUjjain-Badnawar Road Accident: उज्जैन-बदनावर रोड पर भीषण हादसा,6 युवकों की मौत, ग्राइंडर...

Ujjain-Badnawar Road Accident: उज्जैन-बदनावर रोड पर भीषण हादसा,6 युवकों की मौत, ग्राइंडर से काटकर निकाले शव

डेस्क। उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम पंचकवासा के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉले ने सामने से आ रही मारुति ईको वैन को टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

महाकाल दर्शन के बाद वडोदरा लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक गुजरात पासिंग मारुति ईको वैन (GJ-17 CA-6134) में सवार युवक उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद वडोदरा लौट रहे थे। इसी दौरान पंचकवासा के पास सामने से आ रहे ट्रॉले (GJ-39 DB-9248) से उनकी वैन की टक्कर हो गई। हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ बताया जा रहा है।

टक्कर के बाद वैन में फंस गए शव

हादसे में वैन में सवार सभी 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव अंदर फंस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। दो शवों को निकालने के लिए वैन का हिस्सा ग्राइंडर से काटना पड़ा।

दस्तावेजों से मृतकों की पहचान की कोशिश

पुलिस को मृतकों के पास से कुछ दस्तावेज मिले हैं। इनके आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी है। सभी शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों द्वारा पहचान की कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है।

ट्रॉले में लदा था लोहे का सामान, ड्राइवर फरार

पुलिस ने मौके पर ट्रॉले की जांच की। ट्रॉले में लोहे का सामान लदा हुआ था। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से भाग गया। बदनावर थाना टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

ये खबर भी पढ़ें..

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट