भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार और चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ली जानकारी
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी घटना को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में जांच के साथ राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बंडा में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ प्रभावितों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Exclusive News: शराब पीने वाले कुछ दिन रख लें परहेज… मिलावटी शराब ने कई लोगों की जीवन लीला की समाप्त
7 शराब दुकानों को किया सील
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील किया गया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने और उनकी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन अवैध शराब की बिक्री से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सावधानी बरतने की अपील
इधर, प्रशासन ने शराब का सेवन करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को शराब पीने के बाद उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराए। प्रशासन का कहना है कि समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार से स्थिति को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
प्रशासन की कड़ी निगाह
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं, जांच और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को तेज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद अब इस मामले में जांच के नतीजों और दोषियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर है।
BJP News: राहुल गांधी के दौरे से पहले बीजेपी की संगठनात्मक कवायद… महाबैठक के जरिए बनेगी रणनीति
