सागर/भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सागर जिले में मिलावटी शराब से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि सामने आई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बंडा अस्पताल में शवों के पोस्टमॉर्टम की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं कई प्रभावित लोगों का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर में जारी है। इनमें कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक्शन में आई कलेक्टर
घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल अस्पताल पहुंचीं और भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार और मरीजों की स्थिति को लेकर जानकारी ली। प्रशासन की ओर से उन लोगों को भी सतर्क किया गया है, जिन्होंने पिछले एक-दो दिनों में शराब का सेवन किया है। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावटी या जहरीली शराब का असर कुछ समय बाद भी सामने आ सकता है। ऐसे में किसी भी तरह की परेशानी या संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्क्रीनिंग और चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की गई है।
अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन और आबकारी विभाग की टीमों ने इलाके में कार्रवाई करते हुए छह शराब दुकानों को सील किया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज किए जाने की बात कही जा रही है।
Big Breaking News: सागर में जहरीली शराब का कहर, अब तक 11 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर
मिलावटी शराब का कहर
मिलावटी शराब से मौतों की सूचना के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी भी नौराज तथा गूगरा खुर्द गांव पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों के समुचित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
अलर्ट मोड पर प्रशासन
बताया जा रहा है कि घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों में कई लोगों ने शराब का सेवन किया था। शनिवार रात से ही कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। लगातार सामने आ रही मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है और प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन को आशंका है कि शराब का सेवन करने वाले अन्य लोगों में भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी सामने आ सकती है।
48 घंटे के भीतर शराब पीने वालों को सतर्क रहने की अपील
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने ऐसे लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, जिन्होंने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है। उन्होंने कहा कि यदि शराब पीने के बाद किसी व्यक्ति को असामान्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण महसूस होते हैं तो उसे बिना देरी किए स्क्रीनिंग करानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति अस्पताल पहुंच सकता है या स्थानीय स्वास्थ्य टीम से संपर्क कर सकता है।
उल्टी, सिरदर्द, बुखार समेत इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
प्रशासन ने शराब का सेवन करने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है। उल्टी, सिरदर्द, बुखार, घबराहट, धुंधला दिखाई देना या अन्य असामान्य लक्षण महसूस होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की गई है।
ग्राम पंचायत कांटी में कराई गई मुनादी
घटना के बाद ग्राम पंचायत कांटी में भी मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया। पंचायत की ओर से लोगों को बताया गया कि जिन व्यक्तियों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार, घबराहट या धुंधलापन जैसी परेशानी महसूस हो रही है, वे बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि संदिग्ध लक्षणों को हल्के में न लें और समय रहते चिकित्सकीय सहायता लें।
राहुल गांधी की यात्रा से पहले फिर गूंजा ‘घंटानाद’… अबकी बार कांग्रेस नेत्री रागिनी नायक की बारी
