भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की सियासत में 10 सितंबर की तारीख अचानक बेहद अहम होती नजर आ रही है। दिल्ली से लेकर भोपाल तक राजनीतिक हलकों में हलचल तेज है और कई घटनाक्रम एक-दूसरे से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 सितंबर की रात दिल्ली पहुंचेंगे। वहीं मध्यप्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री को भी 9 सितंबर की रात 12 बजे से पहले दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इन दोनों घटनाक्रमों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
10 सितंबर को इंदौर में सिंधिया
इधर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को 10 सितंबर को इंदौर आना था, लेकिन अचानक उनके सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। अब उन्होंने दिल्ली में ही रहने का फैसला किया है। दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी 10 सितंबर का अपना पूरा दिन खाली रखा है। उनके कार्यक्रमों की सूची में भी फिलहाल कोई सार्वजनिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
मध्यप्रदेश में बड़ा राजनीतिक मूवमेंट
इन तमाम घटनाक्रमों को एक साथ जोड़कर देखा जाए तो 10 सितंबर को दिल्ली में मध्यप्रदेश की राजनीति से जुड़ा कोई बड़ा राजनीतिक मूवमेंट होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक किसी संभावित बैठक या फैसले को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
सागर जहरीली शराब कांड पर जीतू पटवारी का सरकार पर हमला… ललितपुर कनेक्शन के दावे पर उठाए सवाल
बदलते कार्यक्रम, बड़े संकेत
लेकिन राजनीति में कई बार कहानी से ज्यादा तारीखें और अचानक बदले कार्यक्रम संकेत देते हैं। मुख्यमंत्री का दिल्ली पहुंचना, कैबिनेट मंत्री को बुलावा, सिंधिया का इंदौर दौरा रद्द होना और शिवराज सिंह चौहान का पूरा दिन खाली रखना, इन घटनाओं ने सियासी चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।
10 सितंबर को टिकी निगाह
अब सबकी नजर 10 सितंबर पर टिकी है। दिल्ली में क्या हलचल होती है और उसका मध्यप्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ता है, यह देखने वाली बात होगी। दिल्ली से भोपाल तक हमारे सूत्र सक्रिय हैं। मध्यप्रदेश की सियासत से जुड़ी हर बड़ी खबर सबसे पहले आप तक पहुंचाने की कोशिश जारी रहेगी।
