खेरवासानी टोल प्लाजा अमदरा में लूट का खेल, कटनी बायपास टोल की भी जबरन वसूली
मैहर जिले के खेरवासानी टोल प्लाजा में बीते आठ माह से जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। यहां से गुजरने वाले वाहनों से न केवल मैहर–कटनी मार्ग का टोल वसूला जा रहा है, बल्कि कटनी बायपास का शुल्क भी जबरन वसूला जा रहा है।
मिलीभगत की आशंका
जानकार बताते हैं कि NHAI ने नियमों को ताक पर रखकर इस दोहरी वसूली को अनुमति दी है। सूत्रों का कहना है कि यह पूरा खेल ठेकेदार को लाभ पहुँचाने के लिए रचा गया है। संयोग देखिए कि टोल वसूली कंपनी का ठेकेदार भी कटनी का है और NHAI का ऑफिस भी कटनी में ही है। ऐसे में ठेकेदार और अफसरों की मिलीभगत की आशंका और गहराती जा रही है।
सतना और मैहर में आक्रोश
इस वसूली को लेकर सतना और मैहर में लगातार आक्रोश पनप रहा है। मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने भी खुले मंच से इस अवैध वसूली का विरोध किया है। उनका इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।अब बड़ा सवाल यह है कि जनता की जेब काटने वाले इस खेल पर जिम्मेदार कब रोक लगाएंगे? और कब तक अधिकारी-ठेकेदार की मिलीभगत पर पर्दा डाला जाएगा?


