RBI के नए डिजिटल पेमेंट नियम: ऑनलाइन ठगी से कैसे बचेगा आपका बैंक खाता.
डिजिटल लेनदेन जितना आसान हुआ है, ऑनलाइन स्कैम के तरीके भी उतने ही खतरनाक हो गए हैं. पलक झपकते ही किसी का खाता साफ हो जाने की घटनाएं आम हो गई हैं. इसी खतरे को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने डिजिटल भुगतान को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए नए नियमों का मसौदा तैयार किया है, जिसका मकसद ग्राहकों के पैसों को मजबूत सुरक्षा देना है.
प्रस्ताव के अनुसार, ग्राहकों को इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर के लिए एक भरोसेमंद व्यक्ति चुनने की सुविधा मिलेगी. तय सीमा से अधिक राशि का ट्रांसफर होने पर उस चुने हुए व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अप्रूवल देना होगा. तय समय में मंजूरी नहीं मिली तो लेनदेन अपने आप रद्द हो जाएगा. इससे बड़े और अचानक होने वाले फ्रॉड को समय रहते रोका जा सकेगा.
कूलिंग पीरियड के नियम में क्या बदलाव आया है.
पहले अप्रैल में आए चर्चा पत्र में हर बड़े डिजिटल ट्रांसफर पर एक घंटे का अनिवार्य कूलिंग पीरियड रखने की बात कही गई थी, जिसे अब नए ड्राफ्ट से हटा दिया गया है. साथ ही, भरोसेमंद व्यक्ति वाला विकल्प पहले केवल 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों तक सीमित था, लेकिन अब इसे हर ग्राहक के लिए स्वैच्छिक बना दिया गया है.
किन लेनदेन पर यह नियम काम नहीं करेगा.
यह नई प्रणाली हर तरह के भुगतान पर लागू नहीं होगी. UPI ट्रांसफर, मर्चेंट पेमेंट और ऑटोमेटिक या नियमित भुगतान इस दायरे से बाहर रहेंगे.
ग्राहकों को अपने पैसों पर क्या नियंत्रण मिलेगा.
बैंकों को एक इमरजेंसी स्टॉप स्विच देने का सुझाव भी है. कुछ संदिग्ध लगे तो ग्राहक इस स्विच के जरिए अपनी ओर से होने वाले सभी भुगतान तुरंत रोक सकेंगे. इसके अलावा, यूजर खुद तय कर सकेंगे कि हर ट्रांसफर या किसी खास लाभार्थी के लिए कितनी सीमा रखी जाए, और दिन या रात के किस समय ऑनलाइन भुगतान बंद रखना है. जनता की प्रतिक्रिया के बाद भरोसेमंद व्यक्ति, स्टॉप स्विच और चैनल कंट्रोल से जुड़े ये नियम 1 जुलाई 2027 से लागू होने की योजना है.
बैंक की लापरवाही कब मानी जाएगी.
यदि बैंक की चूक से ग्राहक को आर्थिक नुकसान होता है, तो जवाबदेही बैंक की होगी. RBI ने स्पष्ट किया है कि मल्टी लेयर ऑथेंटिकेशन न होने, ट्रांजेक्शन अलर्ट न भेजने, बैंक के अंदरूनी सुरक्षा तंत्र में सेंध लगने या स्टाफ की मिलीभगत होने की स्थिति में इसे बैंक की लापरवाही माना जाएगा.








