MP RTE Admission : मध्यप्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दिलाने के लिए RTE के तहत 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन आवेदन 13 मार्च से शुरू हो चुके हैं और 28 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले दिन हजारों आवेदन
प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला। जानकारी के अनुसार आवेदन शुरू होने के पहले ही दिन शाम 6:30 बजे तक 22 हजार से अधिक आवेदन दर्ज किए जा चुके थे। इससे यह भी संकेत मिलता है कि शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण परिवार भी शिक्षा के प्रति जागरूक हो रहे हैं।
ऐसे करें आवेदन
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में मुफ्त प्रवेश के लिए आधिकारिक पोर्टल MP RTE Portal (www.rteportal.mp.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
दस्तावेजों का सत्यापन
ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद अभिभावकों को आवेदन में लगाए गए दस्तावेज लेकर संबंधित संकुल केंद्र वाले स्कूल में पहुंचना होगा। वहां अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। यदि सभी कागजात सही पाए जाते हैं तो बच्चे का आवेदन आगे की प्रक्रिया के लिए स्वीकार कर लिया जाएगा।
2 अप्रैल को होगी ऑनलाइन लॉटरी
जानकारी के अनुसार आरटीई के तहत बच्चों का चयन 2 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। जिन बच्चों का चयन होगा, उनके अभिभावकों को संबंधित स्कूल की जानकारी एसएमएस के जरिए भेजी जाएगी। चयन सूची आरटीई पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी।
सहायता के लिए उपलब्ध केंद्र
यदि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी अभिभावक को समस्या आती है तो वे आरटीई पोर्टल के अलावा जिला परियोजना कार्यालय, विकासखंड स्रोत केंद्र या नजदीकी जनशिक्षा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इन केंद्रों पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


