भोपाल/खबर डिजिटल/ राजधानी भोपाल में रैपिडो ऑटो चालक की कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि राइड कैंसिल करने से इनकार करने और अतिरिक्त किराया देने का विरोध करने पर चालक ने 22 वर्षीय युवती के साथ गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उसे रास्ते में उतारने के बाद वाट्सऐप पर अपने प्राइवेट पार्ट की तस्वीरें भेज दीं। आरोपी ने फोन पर युवती के धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामले में युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 20 नवंबर की बताई जा रही है। युवती बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रहती है और हबीबगंज में शॉपिंग के लिए उसने रैपिडो के जरिए ऑटो बुक किया था। युवती ने पुलिस को बुकिंग हिस्ट्री, वाट्सऐप चैट और तस्वीरों के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं।
रास्ता भटकने का बहाना बनाकर मांगा अतिरिक्त किराया
युवती के मुताबिक, ऑटो बुक करने के बाद चालक ने निर्धारित किराए से ज्यादा रकम की मांग की। उसने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार किया तो चालक ने रास्ता भटकने का हवाला देकर दोबारा अधिक किराया मांगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चालक युवती के साथ गाली-गलौज करने लगा और उस पर राइड कैंसिल करने का दबाव बनाने लगा। युवती के तैयार नहीं होने पर चालक ने उसे बीच रास्ते में ही उतार दिया।
वाट्सऐप पर भेजीं अश्लील तस्वीरें, धर्म पर की टिप्पणी
युवती ने शिकायत में बताया कि ऑटो से उतारने के बाद भी चालक ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया। वह लगातार फोन करता रहा और वाट्सऐप पर अपने गुप्तांग की अश्लील तस्वीरें भेजीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने धर्म को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणी की और कहा- 'तुम हिंदू लड़कियां ऐसी ही होती हो।' इस घटना के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई। उसने पुलिस को फोन कॉल और वाट्सऐप पर भेजे गए संदेशों के स्क्रीनशॉट उपलब्ध कराए हैं।
पांच दिन तक कार्रवाई नहीं होने पर CM हेल्पलाइन में शिकायत
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद उसने बागसेवनिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे घर भेज दिया। साथ ही फोन पर कार्रवाई की जानकारी देने की बात कही थी। हालांकि, पांच दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी उसे कोई सूचना नहीं मिली। इसके बाद युवती ने CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संबंधित थाने तक पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की और युवती के बयान दर्ज किए।
बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंचे थाने
पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज युवती ने जिला भेल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। उनके सहयोग से वह दोबारा थाने पहुंची। मामले की जानकारी मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता भी बागसेवनिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी के मोबाइल और चैट की जांच
आरोपी की पहचान करोंद निवासी ऑटो चालक मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में बताई गई है। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, वाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इन साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









