बारामूला /खबर डिजिटल/ बारामूला से एक दुखद खबर आई है। भारत-पाकिस्तान सीमा की वजह से एक परिवार लंबे समय से एक-दूसरे से अलग रह रहा था। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में रहने वाले इरफान हसन शाह अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने निकले थे। लेकिन नीलम नदी में डूबने से उनकी मौत हो गई। उनका शव 23 नवंबर को पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के नीलम जिले में नदी से बरामद किया गया। बाद में शव की पहचान होने के बाद उसे मुजफ्फराबाद में रह रहे उनकी पत्नी और बच्चों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इरफान की पत्नी और बच्चे पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के मुजफ्फराबाद में रह रहे थे, वहीं इरफान बारामूला में रहते थे। अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत सरकार ने उनकी पत्नी और बच्चों को पाकिस्तानी नागरिक मानते हुए वापस भेज दिया था। इसके बाद से परिवार अलग-अलग रह रहा था।
15 दिन पहले हुई थी आखिरी बातचीत
परिवार के मुताबिक, इरफान के बच्चे अक्सर फोन पर उनसे बात करते रहते थे। लगभग 15 दिन पहले उनकी आखिरी बातचीत हुई थी, जिसमें इरफान ने बताया था कि तमाम मुश्किलों के बावजूद वह अपने परिवार से मिलने की कोशिश करेंगे। उसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका।
परिवार और स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इरफान अपने परिवार से मिलने के लिए नीलम नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे और इसी दौरान नदी के तेज प्रवाह में बह गए। हालांकि, इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
नदी से मिला शव, पहचान पत्र से हुई पहचान
23 नवंबर को पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के नीलम जिले के केरन इलाके में नदी में एक अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और स्थानीय प्रशासन की टीम ने पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों की सहायता से शव को बाहर निकाला।
शव की तलाशी के दौरान भारत सरकार का पहचान पत्र मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान बारामूला जिले के रफियाबाद डंगीवच्छा निवासी इरफान हसन शाह के रूप में हुई। इसके बाद मुजफ्फराबाद में रह रहे उनके परिवार को इसकी जानकारी दी गई।
पत्नी और बच्चों को सौंपा गया शव
इरफान का शव मिलने के बाद उसे भारत भेजने या पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में रह रहे उनके परिवार को सौंपने को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी हुई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बारामूला में रह रहे उनके भाई-बहनों की सहमति लेने और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव पत्नी और बच्चों को सौंप दिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, इरफान 1992 में नियंत्रण रेखा पार करके पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पहुंचे थे। वहां पढ़ाई करने के बाद उन्होंने शादी की और परिवार बसाया। वर्ष 2008 में वह पत्नी और बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते वापस भारत लौट आए थे। अब परिवार के अलग होने के बाद पत्नी और बच्चों से उनकी आखिरी मुलाकात की चाह अधूरी रह गई।
यह भी पढ़ें - शुरू हुई Amazon Black Friday Sale, स्मार्टफोन और लैपटॉप पर मिलेगा 85% तक की छूट









