कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन का एक वायरल सवाल इस वक्त विवादों के घेरे में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला 12 लाख 50 हजार रुपये के एक कथित प्रश्न से जुड़ा है, जिसमें कंटेस्टेंट से पुलिस थानों पर हुए बम हमलों को लेकर सवाल पूछे जाने की बात सामने आई है. वायरल क्लिप में कथित तौर पर पूछा गया है कि किस राज्य में अपराधियों ने बिना किसी डर के पुलिस स्टेशन पर बम से हमला किया. पंजाब के संगरूर के वकील इंद्रजीत अरोड़ा ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेज दिया है.
वकील का मानना है कि इस तरह के सवाल से पंजाब की छवि को नुकसान पहुंच सकता है. उनके अनुसार यह सामान्य ज्ञान के प्रश्न से ज्यादा किसी राज्य को गलत ढंग से पेश करने जैसा लगता है. नोटिस के जरिए उन्होंने जवाब तलब किया है और मांग रखी है कि यदि यह वीडियो किसी असली एपिसोड का हिस्सा है, तो इसे हर जगह से हटाया जाए. साथ ही उन्होंने अमिताभ बच्चन और चैनल से बिना शर्त माफी की मांग भी की है.
हालांकि, इस पूरे विवाद में क्लिप की प्रामाणिकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. वकील के मुताबिक, उनके पास एक क्लाइंट यह क्लिप और स्क्रीनशॉट लेकर आया था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया. लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दृश्य वाकई KBC के किसी एपिसोड का है या फिर इसे AI की मदद से तैयार किया गया है. चैनल की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. फिलहाल अमिताभ बच्चन या सोनी टीवी ने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे क्या कार्रवाई होती है.









