भोपाल/खबर डिजिटल/ राजधानी भोपाल में पहाड़ियों पर तेजी से हो रहे निर्माण और अतिक्रमण ने शहर के प्राकृतिक स्वरूप को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शहर के मध्य स्थित करीब 50 एकड़ में फैली चूनाभट्टी पहाड़ी पर लगातार बसाहट और निर्माण कार्यों के चलते इसका मूल स्वरूप बदलता जा रहा है। एक ग्राउंड रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पहाड़ी के निचले हिस्से की लगभग 80 प्रतिशत जमीन और पूरी पहाड़ी के 70 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र पर अतिक्रमण हो चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां हुए ज्यादातर निर्माण नियमों के विपरीत हैं।
15 एकड़ में बस गए करीब 5 हजार परिवार
रिपोर्ट के मुताबिक, चूनाभट्टी पहाड़ी के करीब 15 एकड़ हिस्से में लगभग 5 हजार परिवार निवास कर रहे हैं। पहाड़ी के निचले इलाके में कार शोरूम के साथ बौद्ध मठ और मंदिर का निर्माण भी हो चुका है। वहीं, पहाड़ी के अंदरूनी हिस्से में कोलार कॉलोनी की बसाहट विकसित हो गई है। इसके अलावा पहाड़ी की ढलानों पर भी बड़ी संख्या में मकान बनाए गए हैं।
पेड़ों की कटाई कर समतल की गई जमीन
चूनाभट्टी तिराहे से बौद्ध मठ के आगे तक लगभग 70 मीटर के हिस्से में पेड़ों की कटाई और जमीन की खुदाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र को निर्माण के लिए समतल किया गया। पहाड़ी पर लगातार बढ़ते निर्माण के बीच प्राकृतिक हरियाली और पेड़ों के संरक्षण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर सवाल
चूनाभट्टी पहाड़ी पर अतिक्रमण और निर्माण की स्थिति ने नगर प्रशासन, संबंधित विभागों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी एजेंसियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि पहाड़ी की जमीन पर हुए निर्माण की जांच के लिए कोई कदम उठाया जाता है या नहीं और प्राकृतिक स्वरूप को बचाने के लिए क्या कार्ययोजना तैयार होती है।









