रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के डभौरा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और फिर उसकी हत्या की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़िता बेहोशी की हालत में मिली, जिसे उपचार के लिए पहले जवा और फिर रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद पीड़िता ने जो आपबीती सुनाई, उससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर को पुलिस को नाबालिग के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डभौरा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पीड़िता बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद पीड़िता ने पुलिस को बताया कि टिकरी निवासी विनय सिंह बघेल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, आरोपी ने उसे जान से मारने की भी कोशिश की, जिसके चलते वह बेहोश हो गई थी। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय सिंह बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।









