आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' ने 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है. सूरज बड़जात्या के निर्देशन में तैयार इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. हालांकि, रिलीज के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली. इसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिला और फिल्म पहले दिन कोई बड़ा धमाका करने में नाकाम रही.
फिल्म को सिनेमाघरों में पहले से मौजूद बड़ी फिल्मों से भी मुकाबला करना पड़ रहा है. इमरान हाशमी की 'गनमास्टर जी9' और रणबीर कपूर की 'रामायण' की मौजूदगी ने इसके लिए बॉक्स ऑफिस की राह थोड़ी मुश्किल कर दी है.
पहले दिन कितनी हुई कमाई?
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़ों पर नजर डालें तो 'ये प्रेम मोल लिया' की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रही. Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, आयुष्मान और शरवरी की इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया. देशभर में फिल्म के कुल 5,631 शो आयोजित किए गए थे. इतनी स्क्रीनिंग के बावजूद फिल्म की कमाई औसत स्तर पर ही रही.
वहीं, दूसरी तरफ रणबीर कपूर और यश की 'रामायण' का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बरकरार है. रिलीज के 23वें दिन यानी शुक्रवार को भी फिल्म ने 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया. खास बात यह है कि तीन सप्ताह से सिनेमाघरों में चल रही इस फिल्म ने अब 1,000 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा भी पार कर लिया है.
आयुष्मान की पिछली फिल्मों के मुकाबले कैसी रही ओपनिंग?
अगर आयुष्मान खुराना की पुरानी फिल्मों के ओपनिंग कलेक्शन से 'ये प्रेम मोल लिया' की तुलना करें, तो इसकी शुरुआत को औसत कहा जा सकता है. फिल्म ने उनकी कुछ चर्चित फिल्मों के पहले दिन के कारोबार को पीछे जरूर छोड़ा है, लेकिन अभिनेता की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड तोड़ने से काफी दूर रह गई.
आयुष्मान के करियर की सबसे बड़ी ओपनर का खिताब अब भी 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'थामा' के पास है. इस फिल्म ने पहले दिन 24 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी.
वहीं, साल 2026 में रिलीज हुई उनकी फिल्मों से तुलना करें तो 'ये प्रेम मोल लिया' का प्रदर्शन लगभग बराबर रहा. 'पति पत्नी और वो दो' ने ओपनिंग डे पर 4.10 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि 'उड़ता तीर' का पहले दिन का कलेक्शन भी करीब 4 करोड़ रुपये रहा था.
इसके अलावा, आयुष्मान की 'अंधाधुन' ने पहले दिन 2.70 करोड़ रुपये और 'शुभ मंगल सावधान' ने 2.71 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. इस लिहाज से नई फिल्म इन दोनों से आगे निकल गई है.
हालांकि, उनकी सबसे कमजोर ओपनिंग वाली फिल्मों में 2015 की 'हवाईजादा' और 'दम लगा के हईशा' शामिल हैं. इन फिल्मों ने पहले दिन क्रमशः करीब 60 लाख और 1.20 करोड़ रुपये कमाए थे. अब देखना होगा कि वीकेंड पर 'ये प्रेम मोल लिया' की कमाई में कितना उछाल आता है.









