केंद्र सरकार देश की चुनावी व्यवस्था और सियासत में बड़ा फेरबदल लाने की तैयारी कर रही है. कैबिनेट ने लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक इजाफा करने वाले प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है. संसद में परिसीमन बिल लाने से पहले इस मंजूरी को अहम कदम माना जा रहा है. सांसदों के बहुमत से यह बिल पास होते ही लोकसभा के साथ राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत बढ़ोतरी हो जाएगी. इस कदम का सीधा असर मध्यप्रदेश पर दिखेगा, जहां लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 44 पहुंच जाएगी और विधानसभा की सीटें भी बढ़ेंगी. मौजूदा सियासी समीकरणों को देखते हुए इससे कांग्रेस के मुकाबले सत्ताधारी बीजेपी को ज्यादा फायदा मिलने की चर्चा है. इसी वजह से विपक्षी दल सरकार के इस रुख का विरोध कर रहे हैं.
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े इस विधेयक पर सबकी निगाहें टिकी हैं. प्रस्ताव के तहत महिला आरक्षण 2029 के आम चुनाव से लागू होगा. 33 प्रतिशत महिला आरक्षण फिलहाल 15 साल के लिए रहेगा और हर पांच साल बाद आरक्षित सीटें बदलेंगी. इसके अलावा राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा बंटवारे को अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रखने की योजना है.
मुख्य प्रावधान और उनके मायने
इस योजना के तहत चुनाव क्षेत्रों का नया परिसीमन होगा और सीटों में 50 फीसदी वृद्धि की जाएगी. अनुमान है कि लोकसभा में 850 सीटें हो सकती हैं, हालांकि व्यावहारिक रूप से यह संख्या 815 के आसपास भी रह सकती है. साल 2051 तक सीटों की कुल संख्या को स्थिर रखा जाएगा, यानी तब तक सीटों की गिनती में बदलाव नहीं होगा. सीटों की संख्या तय करने का आधार 1971 की जनगणना को माना गया है. हर राज्य में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी होने से राज्यों का आनुपातिक हिस्सा पहले जैसा बना रहेगा. हालांकि चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं और आकार तय करने के लिए नवीनतम उपलब्ध जनगणना के आंकड़े, यानी 2011 की जनगणना और प्रति सीट औसत आबादी को आधार बनाया जाएगा. इससे किसी भी राज्य का प्रतिनिधित्व अनुपात घटने के बजाय मौजूदा स्तर पर ही कायम रहेगा.
मध्यप्रदेश की विधानसभा सीटों को लेकर अलग-अलग कयास
परिसीमन से मध्यप्रदेश की राजनीति का नक्शा काफी बदल जाएगा. फिलहाल प्रदेश में 29 लोकसभा क्षेत्र हैं, जो बढ़कर 44 हो जाएंगे. राज्य की विधानसभा सीटों में भी इजाफा तय है, लेकिन नई संख्या को लेकर अलग-अलग आकलन सामने आ रहे हैं. विभिन्न अनुमानों के मुताबिक मध्यप्रदेश विधानसभा की सीटें बढ़कर 297 से लेकर 345 के बीच हो सकती हैं.









