Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सिताराम राजू (ASR) जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी घाटी में गिर गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय बस में लगभग 40 लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना चिंटूरू और भद्राचलम के बीच स्थित घाट रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि बस मोड़ पर संतुलन खो बैठी और सीधे घाटी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस खाई में नीचे जाकर घनी झाड़ियों के बीच फंस गई। कई यात्री खिड़कियों व दरवाजों से बाहर गिर पड़े, जिससे मौके पर ही मौतें हुईं।
घटना की सूचना मिलते ही ASR जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर भेजी गई। राहतकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को निकालकर एंबुलेंस की मदद से भद्राचलम अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन का कहना है कि कई यात्रियों की स्थिति गंभीर है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
घटनास्थल के वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें हादसे की भयावहता साफ दिख रही है। सड़क पर शव, टूटे सामान, और घायल यात्रियों की चीख-पुकार ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद आसपास से लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस व रेस्क्यू टीम के आने तक प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया।
दर्दनाक हादसे ने फिर एक बार घाटी वाले रास्तों पर सुरक्षा सवाल उठा दिए हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। खबर डिजिटल पर अपडेट खबर के लिए बने रहिए हमारे साथ।


