Viral Laughing Boy: अगर आप सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं, तो आपने एक हाथ में चाय का कप लिए और बेफिक्र होकर खिलखिलाते हुए एक लड़के का वीडियो या मीम जरूर देखा होगा। इंटरनेट पर ‘लाफिंग बॉय’ के नाम से मशहूर यह चेहरा आज करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाता है, लेकिन इस हंसी के पीछे छिपे संघर्ष की कहानी बेहद भावुक है।
कौन है यह ‘लाफिंग बॉय’?
इस वायरल स्टार का असली नाम अरुण कुमार है, जो तेलंगाना के रहने वाले हैं। एक समय था जब गरीबी के कारण अरुण को महज चौथी कक्षा के बाद अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी। पेट पालने के लिए वह काम की तलाश में भटक रहा था, तभी उनकी मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई। नेहरू ने अरुण को अपने साथ ट्रक पर ‘क्लीनर’ की नौकरी दे दी।
चाय की एक चुस्की और बदली जिंदगी
अरुण और नेहरू ट्रक से लंबी यात्राएं करते थे। इसी दौरान नेहरू अपने खाली समय में छोटे-छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे। एक दिन नेहरू ने अरुण का चाय पीते हुए हंसने का एक सादा सा वीडियो रिकॉर्ड कर पोस्ट कर दिया। अरुण की वह मासूम हंसी इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते अरूण ग्लोबल मीम फेस बन गए।
पास की 10वीं परीक्षा
वायरल होने के बाद अरुण की जिंदगी में सबसे बड़ा बदलाव नेहरू लेकर आए। उन्होंने न केवल अरुण को सोशल मीडिया की बारीकियां सिखाईं, बल्कि उनकी अधूरी पढ़ाई को दोबारा शुरू कराने का बीड़ा भी उठाया। इसी साल मार्च 2026 में अरुण ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा पास कर ली है। एक ट्रक क्लीनर से स्कूल की बेंच तक का यह सफर अरुण के लिए किसी सपने से कम नहीं है।
अब ‘कंटेंट क्रिएटर’ के रूप में नई पहचान
अरुण अब केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे एक प्रोफेशनल कंटेंट क्रिएटर बन चुके हैं। उनकी कहानी उन लाखों बच्चों के लिए उम्मीद की किरण है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों को दबा देते हैं। अरुण की सफलता यह साबित करती है कि यदि सही दिशा और थोड़ा सा हौसला मिल जाए, तो एक साधारण सी हंसी भी तकदीर बदल सकती है।
